Navratri First Day Devotional Atmosphere In Temples With Mata Shailputri Puja
माता शैलपुत्री की पहले दिन हुई पूजा
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nरमेश जैन, नई दिल्लीः राजधानी के सभी मंदिरों में रविवार को नवरात्र के पहले दिन भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिला। झंडेवालान मंदिर सुबह चार बजे कपाट खुलते ही जय-जय कार से गूंज उठा। पंडित अम्बिका प्रसाद ने मां भगवती के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा संपन्न कराते हुए बताया कि पर्वतराज हिमालय के घर पुत्री रूप में जन्म लेने के कारण माता का नाम शैलपुत्री पड़ा। सिद्धपीठ कालकाजी मंदिर में कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू हुए। महंत सुरेंद्रनाथजी ने पूजन के समय कहा कि माता का यह स्वरूप अखंड सौभाग्य प्रदान करता है।
श्री वैष्णो दरबार, नीलम माता मंदिर, मयूर विहार फेज-दो में घट स्थापना के साथ शतचंडी व बगलामुखी पाठ शुरू हुआ। राजमाता झंडेवालान मंदिर, वेस्ट गोरखपार्क, शाहदरा में चंडी यज्ञ और गर्भ गृह में अखंड ज्योति के साथ 125वां नवरात्र शुरू हुआ। बिड़ला मंदिर में दुर्गा सप्तशती पाठ शुरू हुआ। स्वामी अनुभवानंदजी ने भागवत कथा शुरू की। हरिहर उदासीन आश्रम, कमला मार्किट में सुयज्ञ मुनि ने नवाहन परायण पाठ शुरू कराया। विवेकानंद योगाश्रम में आचार्य विक्रमादित्य ने दुर्गा पूजन, भगवती आवाहन किया। दुर्गा मंदिर, डी ब्लाक, साकेत में पंडित राजकांत झा ने घट स्थापना व स्तुति पाठ कराया।हरि नगर, शक्तिपीठ मंदिर जागृति एनक्लेव, प्राचीन संन्यास आश्रम शिव हनुमान मंदिर, पंचकुइयां रोड, हनुमान मंदिर लिंक रोड, करोल बाग, पंचेश्वर मंदिर विकास मार्ग, गुफा वाला मंदिर प्रीत विहार, नीलकंठ मंदिर, झज्जर वाला मंदिर चांदनी चौक व अन्य मंदिरों में भी नवरात्र भक्तिभाव से शुरू हुए।