पत्नी की बहन नहीं, प्रेमिका थी मृतका

नवभारतटाइम्स.कॉम•
noida deceased was not wifes sister but girlfriend husband wife absconding
n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर-85 के याकूबपुर गांव की गली नंबर-12 में बंद कमरे में मिली 19 वर्षीय मनीषा की हत्या के मामले में जांच के दौरान नया तथ्य सामने आया है। शुरुआती जांच में पुलिस मृतका को फरार महिला की बहन मान रही थी, लेकिन अब पता चला है कि मनीषा आरोपी युवक की प्रेमिका थी। घटना के बाद से आरोपी पति-पत्नी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दो टीमें लगाई हैं, लेकिन दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं। पुलिस उनके परिजनों के घर भी पहुंची, लेकिन वे नहीं मिले।
पुलिस के मुताबिक, कासगंज निवासी युवक की हाल ही में शादी हुई थी। वह पहले से नोएडा में नौकरी करता था। पिछले महीने वह अपनी पत्नी को नोएडा लेकर आया। इसी दौरान वह मनीषा को भी साथ ले आया। मनीषा युवक के गांव की ही रहने वाली थी। दोनों शादी से पहले एक-दूसरे को जानते थे और शादी के बाद भी उनकी बातचीत जारी थी। जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक पत्नी और प्रेमिका को साथ रखने की कोशिश कर रहा था। इसी बात को लेकर पत्नी ने मनीषा की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को मकान मालिक ने कमरे की खिड़की से मनीषा का खून से लथपथ शव देखा था। कमरे के बाहर ताला लगा था। मकान मालिक के अनुसार, तीनों घटना से चार दिन पहले ही कमरा देखने आए थे। उसने बिना आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र लिए कमरा किराये पर दे दिया था।

रेकमेंडेड खबरें