Biker Shopkeeper Dies Tragically After Colliding With A Bull Family In Mourning
सांड से टकराकर बाइक सवार दुकानदार की मौत
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, बल्लभगढ़
कोराली-अटाली रोड पर सोमवार रात सांड से टकराकर बाइक सवार 32 वर्षीय दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के समय वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। अचानक सड़क पर सांड सामने आने से उसकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। तिगांव थाना पुलिस के मुताबिक, कौराली गांव निवासी लक्ष्मण अटाली गांव में शराब के ठेके के पास दुकान चलाता था। सोमवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद करके बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कोराली-अटाली रोड पर अचानक उसकी बाइक सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लक्ष्मण सड़क पर गिर पड़ा और उसे गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल लक्ष्मण को उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। तिगांव थाना प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।