Grand Dussehra Celebration In Faridabad Celebrating The Victory Of Good Over Evil 88 foot Ravan Effigy Burnt
...सत्य की राह पर ही विजय का वास
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में मंगलवार को दशहरे का पर्व आस्था, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरे पर फरीदाबाद में 20 से अधिक प्रमुख स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद दहन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। शाम ढलते ही दशहरा मैदानों में लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने रावण दहन देखकर दशहरा का पर्व मनाया, वहीं मेलों में खरीदारी और खानपान का आनंद लिया। बच्चों के लिए धनुष-बाण और खिलौने आकर्षण का केंद्र रहे, जबकि चाट, जलेबी और समोसे की दुकानों पर भी खूब रौनक देखने को मिली।एनआईटी-3 में 76 साल पुरानी परंपरा
एनआईटी-3 स्थित दशहरा मैदान में सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर की ओर से दशहरा महोत्सव आयोजित किया गया। मंदिर की दशहरा परंपरा के 76 वर्ष पूरे होने पर कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बड़खल विधायक धनेश अदलखा और पूर्व विधायक चंदर भाटिया शामिल हुए। अतिथियों ने तीर चलाकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया। इसके बाद हुई आतिशबाजी ने लोगों का ध्यान खींचा। कृष्णपाल गुर्जर ने धार्मिक आयोजनों को सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम बताया।
88 फुट के रावण को देखने पहुंचे लोग
सेक्टर-30 स्थित दशहरा ग्राउंड में 88 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। सेक्टर-16ए में श्री महावीर दल दशहरा कमिटी और अखिल भारतीय लैय्या बिरादरी की ओर से 77वां दशहरा महोत्सव आयोजित हुआ। यहां कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने तीर चलाकर रावण दहन किया। बल्लभगढ़ में विधायक मूलचंद शर्मा और प्राणायाम सोसायटी के आयोजन में राज्यमंत्री राजेश नागर ने रावण दहन किया।
कई इलाकों में दिखी मेले की रौनक
एनआईटी, सेक्टर-3, सेक्टर-8, सेक्टर-12, सेक्टर-16, सूरजकुंड और ग्रीन फील्ड कॉलोनी समेत कई इलाकों में दशहरा उत्सव मनाया गया। बच्चों और बड़ों ने घुड़सवारी का आनंद लिया और घरेलू उपयोग का सामान भी खरीदा।