20 Days Power Outage Health Services Halted At Fazilpur Uphc Patients Facing Severe Problems
20 दिन से बिजली गुल, UPHC में स्वास्थ्य सेवाएं हो रहीं प्रभावित
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। फाजिलपुर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (UPHC) में करीब 20 दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित है। ऐसे में यहां इलाज के लिए पहुंचने वाले मरीजों को जांच और चिकित्सकीय परामर्श में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना करीब 80 मरीज केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन बिजली के अभाव में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।बिजली नहीं होने से मशीनों के जरिए होने वाली जांच नहीं हो पा रही है। डॉक्टरों और कर्मचारियों को भी परेशानी हो रही है। कर्मचारियों को पीने के लिए पानी भी बाहर से खरीदना पड़ रहा है। दरअसल, केंद्र का बिजली बिल मार्च से बकाया है। बिल का भुगतान नहीं होने से बिजली सप्लाई बाधित है। यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले पटेल नगर यूपीएचसी में किराया बकाया होने के कारण ताला लग गया था। वहीं, राजेंद्र पार्क यूपीएचसी में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने से कई दिनों तक अंधेरा छाया रहा था। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामले स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन और बजट प्रबंधन पर सवाल खड़े करते हैं। CMO गुड़गांव वीरेंद्र बासवाना ने कहा कि फाजिलपुर यूपीएचसी में बिजली संबंधी समस्या को दो दिन के भीतर ठीक करा दिया जाएगा।