Noida Commercial Activities Continue At Jalvayu Vihar Community Center Despite Notice Violation Of Rules
नोटिस के बाद भी जलवायु विहार कम्युनिटी सेंटर में कमर्शल गतिविधियां जारी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, नोएडा
सेक्टर-21 स्थित जलवायु विहार कम्युनिटी सेंटर में कथित व्यावसायिक गतिविधियां बंद कराने के नोएडा प्राधिकरण के निर्देश के बावजूद संचालन जारी रहने का आरोप है। प्राधिकरण ने 5 अक्टूबर 2026 को जेवीसीसी सोसायटी को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर व्यावसायिक गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए थे। आदेश का पालन नहीं होने पर लीज डीड की शर्तों के तहत कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद शिकायतकर्ताओं का दावा है कि कम्युनिटी सेंटर में कमर्शल गतिविधियां अब भी चल रही हैं।जलवायु विहार निवासी डीएस रावत के अनुसार, कम्युनिटी सेंटर में बाहरी किरायेदारों को रेस्तरां, विवाह समारोह, सैलून और कपड़ा बिक्री जैसी गतिविधियों के लिए जगह दी जा रही है। उनका कहना है कि नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-21 और 25 में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अलग क्षेत्र निर्धारित किए हैं, ऐसे में आवासीय परिसर के सामुदायिक भवन में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करना नियमों के विपरीत है।
जेवीएसएएस के चेयरमैन डॉ अभिजीत कुमार ने कहा कि कम्युनिटी सेंटर में सिविल लोगों को सदस्य नहीं बनाया गया है। उनके अनुसार, एक अलग मैनेजमेंट कमेटी बनाकर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जो गलत है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद नोएडा प्राधिकरण ने नोटिस जारी किया है और उम्मीद है कि प्राधिकरण कार्रवाई करते हुए व्यावसायिक गतिविधियां बंद कराएगा। साथ ही सिविल लोगों के लिए सदस्यता का रास्ता खोला जाएगा। नोटिस के बावजूद गतिविधियां जारी रहने के आरोपों पर संबंधित पक्ष का विस्तृत पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है। प्राधिकरण की अगली कार्रवाई के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।