Women Bid Farewell To Goddess Durga With Sindoor Khela In Noida Festive Atmosphere
महिलाओं ने सिंदूर खेला से दी मां दुर्गा को विदाई
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, नोएडा
दुर्गा पूजा उत्सव के समापन पर बुधवार को नोएडा में 20 निर्धारित कृत्रिम तालाबों में मां दुर्गा की 122 प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। शहर भर में पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया गया। सेक्टर-26 स्थित कालीबाड़ी में बुधवार को दुर्गा पूजा महोत्सव के दौरान पारंपरिक सिंदूर खेला का आयोजन किया गया। इस दौरान बंगाली परंपरा के अनुसार महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे के माथे और चेहरे पर सिंदूर लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर महिलाएं लाल और सफेद रंग की पारंपरिक साड़ियों में नजर आईं। उन्होंने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और सामूहिक रूप से तस्वीरें भी खिंचवाईं। पूजा स्थल पर श्रद्धा और उत्सव का माहौल रहा। सेक्टर 122 में दुर्गा पूजा व दशहरा का उत्सव मनाया गया। नोएडा एग्जोमिया दुर्गोत्सव असोसिएशन ने इसका आयोजन किया। बंगाली संस्कृति में सिंदूर खेला दुर्गा पूजा के प्रमुख अनुष्ठानों में शामिल है। विजयदशमी के दिन मां दुर्गा को विदाई देने से पहले महिलाएं उन्हें सिंदूर अर्पित करती हैं। इसके बाद सुहाग की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ एक-दूसरे को सिंदूर लगाती हैं।