तेज़ रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 5 लोगों को रौंदा, चार की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
speeding truck crushes 5 on bike 4 including father and children die tragically mother critical
nNBT न्यूज, नूंह

तावडू रोड पर मंगलवार रात करीब 11 बजे मारिया मंजिल स्कूल के एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक पर सवार पांच लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पिता और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए और घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजवा दिया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
मृतक बाइक सवार की पहचान पाड़ला गांव निवासी साबिर (32) के रूप में हुई है, वह मदरसे में बच्चों को इस्लामिक शिक्षा देते थे। वह पत्नी नसरीम, दो बेटियों डेढ़ साल की जहरा और ढाई साल की सजरा और अपने साले की बेटी गजाला के साथ रात को एक रिश्तेदारी में जा रहा था। पांचों एक ही बाइक पर थे। घटना का एक CCTV विडियो सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि तेज रफ्तार में आया एक ट्रक बाइक को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। इस दौरान बाइक चला रहा व्यक्ति कई मीटर तक ट्रक के साथ ही घिसटता चला गया। वहीं उसकी पत्नी पीछे गिर गई, जबकि टक्कर लगते ही तीनों बच्चे ट्रक के टायरों के नीचे आ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी अजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सभी शवों को मेडिकल कॉलेज नल्हड़ के शवगृह भिजवाया। वहीं घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

रेकमेंडेड खबरें