गर्मी से राहत के लिए चीन बना नया हॉटस्पॉट, विदेशी पर्यटक कर रहे हैं छिंगहाई और चांगच्याच्ये का रुख

NewsPoint
Navbharat Times
इस गर्मी में दुनिया भर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के कारण लोग ठंडी जगहों पर छुट्टियां बिताना पसंद कर रहे हैं। ऐसे में चीन, अपने खूबसूरत नजारों, अच्छी पर्यटन सुविधाओं और आसान वीज़ा नियमों के चलते पर्यटकों के लिए एक नया पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है। खासकर यूरोपीय पर्यटक चीन के ठंडे इलाकों में गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। चीन की फिल्म 'पेगासस 3' की शूटिंग वाली छिंगहाई जैसी जगहें, जहां गोबी रेगिस्तान और तानश्या की अद्भुत भू-आकृतियां हैं, पर्यटकों को खूब लुभा रही हैं। इन जगहों पर जुलाई-अगस्त में तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहता है, जो गर्मी से बचने वालों के लिए एकदम सही है।

चीन की प्राकृतिक सुंदरता और सुहावना मौसम यूरोपीय पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है। पोलैंड की पर्यटक बीता जोनेनबर्ग-जावोर्स्का ने छिंगहाई की राजधानी शिनिंग की तारीफ करते हुए कहा कि यह शहर प्राकृतिक सुंदरता और बेहतरीन पारिस्थितिक वातावरण से भरपूर है। उन्होंने बताया कि दूसरे शहरों की गर्मी झेलने के बाद यहां का ठंडा और आरामदायक मौसम उन्हें बहुत ताजगी भरा लगा और उन्होंने वहां बहुत अच्छा समय बिताया।
सिर्फ छिंगहाई ही नहीं, हुनान प्रांत के चांगच्याच्ये में स्थित थ्येनमेन पर्वत और वुलिंगयुआन जैसे मशहूर पर्यटन स्थल भी गर्मियों में पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए हैं। इन जगहों पर गर्मियों में औसत तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। अपनी खास पहाड़ी बनावट और ऊंची चट्टानों पर बनी खूबसूरत पगडंडियों के कारण यह इलाका कई चीनी और विदेशी फिल्मों की शूटिंग के लिए भी मशहूर है। इस गर्मी में बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक गर्मी से बचने के लिए चांगच्याच्ये पहुंच रहे हैं।

आंकड़े बताते हैं कि चांगच्याच्ये ग्रैंड कैन्यन पर्यटन क्षेत्र में जुलाई से हर दिन करीब 10,000 पर्यटक आ रहे हैं, जिनमें 50 प्रतिशत से ज्यादा विदेशी हैं। यह दिखाता है कि चीन गर्मी से राहत पाने वालों के लिए कितना लोकप्रिय हो रहा है।

पर्यटन प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के अनुसार, इस गर्मी में चीन आने वाले पर्यटकों में यूरोपीय देशों की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत रही। यह पिछले साल के मुकाबले एक बड़ी बढ़ोतरी है। पर्यटक टिकटों के ऑर्डर में पिछले साल की तुलना में 275 प्रतिशत की भारी वृद्धि देखी गई है। इसके अलावा, दर्शनीय स्थलों के टिकटों की बुकिंग में पिछले साल के मुकाबले 20 गुना से भी ज्यादा का उछाल आया है। यह सब बताता है कि चीन अब गर्मी से बचने के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। चीन के समृद्ध सांस्कृतिक और पर्यटन संसाधन, बेहतर होती पर्यटन सेवाएं और विदेशी पर्यटकों के लिए आसान होती प्रवेश सुविधाएं इसे और भी आकर्षक बना रही हैं।

रेकमेंडेड खबरें