पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' 13 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होगी

NewsPoint•
13
मुंबई, 6 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी हाल ही में अपनी नई फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' में नजर आएंगे। उन्होंने दीपावली के त्योहार को सादगी और अपने परिवार के साथ मनाने का मन बनाया है। पंकज ने बताया कि उनके घर में इस पर्व का जश्न हमेशा सादगी से मनाया जाता है। उनका कहना है, “दीपावली हम इस साल सादगी भरे अंदाज में ही मनाएंगे। हम हर साल ऐसी सादगी से बीवी-बच्चों के साथ मनाते आए हैं। घर में 10 मिट्टी के दीये जलते हैं, घर का खाना बनता है, दीया-बाती भी जलती है और लक्ष्मी जी की पूजा होती है। लक्ष्मी जी हमारे जीवन में और सबके जीवन में बनी रहें और सब सुखी-संपन्न रहें।”

अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने भी दीपावली के इस साल अपने पति सिद्धार्थ के साथ मनाने की ख़ुशी का इज़हार किया। पिछले साल, सिद्धार्थ काम के चलते अमेरिका में थे, इसलिए वे दोनों एक साथ त्योहार नहीं मना पाए थे। अदिति ने कहा, “पिछले साल सिद्धार्थ दीपावली के समय अमेरिका में शूट कर रहे थे, लेकिन इस साल वो यहीं हैं। तो मैं बहुत खुश हूं। हम साथ रहेंगे और उम्मीद है कि प्रमोशन के बाद घर भी जा पाएंगे।”
'पारिवारिक मनोरंजन' एक फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें रोमांस, ह्यूमर और ड्रामा का तड़का है। यह फिल्म लखनऊ के एक अकेले और बड़े बैचलर रंजन दुबे (पंकज त्रिपाठी) की कहानी पर आधारित है। रंजन एक पुरानी हवेली में रहते हैं और घर का काम संभालने के लिए एक हाउस हेल्प की तलाश करते हैं। इस दौरान, अदिति का किरदार दिल्ली से आती है, जो उनकी जिंदगी में रोमांच, हंसी-मजाक और कुछ सस्पेंस लेकर आती है।

यह फिल्म वरुण वी शर्मा के डायरेक्शन में बनाई गई है, जिसमें कहानी और स्क्रीनप्ले बृजेंद्र काला, अली अब्बास जफर और वरुण वी शर्मा ने लिखा है। इसके संवाद बृजेंद्र काला ने लिखे हैं। इसे विनोद भानुशाली, कमलेश भानुशाली, हिमांशु किशन मेहता और एलिसिया जफर ने प्रोड्यूस किया है, वहीं अली अब्बास जफर क्रिएटिव प्रोड्यूसर हैं।

'पारिवारिक मनोरंजन' अदिति और पंकज की साथ में पहली फिल्म है। यह फिल्म 13 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होने वाली है। दर्शकों को इसमें पंकज और अदिति की केमेस्ट्री देखने को मिलेगी। फिल्म में दर्शक मजेदार और रोचक पल का सामना करेंगे।

इस साल दीपावली का त्योहार अपने-अपने तरीके से मनाने वाले इन कलाकारों ने हम सबको सादगी और परिवार के महत्व का संदेश भी दिया है।

रेकमेंडेड खबरें