राज्यसभा सांसद एटेला राजेंद्र ने राहुल गांधी पर लोकतंत्र को अस्थिर करने का आरोप लगाया
राज्यसभा सांसद एटेला राजेंद्र ने राहुल गांधी पर लोकतंत्र को अस्थिर करने का आरोप लगाया
NewsPoint•
हैदराबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सांसद एटेला राजेंद्र ने राहुल गांधी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारतीय लोकतंत्र को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। एटेला राजेंद्र का ये बयान तब आया जब उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
राजेंद्र ने आईएएनएस के साथ बातचीत में बताया कि कांग्रेस पार्टी को देश की जनता ने लंबे समय तक सम्मान दिया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत ही प्रधानमंत्री बने।" यह दर्शाता है कि लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की काम करने की प्रक्रिया आज भी बरकरार है। उन्होंने यह भी कहा कि सुप्रीम कोर्ट और निर्वाचन आयोग की व्यवस्था पहले की तरह है।राजेंद्र ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "पिछले 12 वर्षों से सत्ता से बाहर होने के कारण वे बेचैन हैं और लगातार देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।" उनका यह भी दावा था कि राहुल गांधी भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जॉर्ज सोरोस का नाम लेते हुए कहा कि राहुल गांधी से जुड़े संगठनों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न देशों की राजनीतिक स्थिति को प्रभावित करने में हाथ होता है।
राजेंद्र ने बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका में हुई राजनीतिक घटनाओं का उदाहरण देते हुए बताया कि भारत में भी इसी तरह की अस्थिरता पैदा करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने संसद में राहुल गांधी की बहस करने की चुनौती पर कहा कि "राहुल गांधी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। यदि उन्हें प्रधानमंत्री या सरकार से कुछ पूछना है, तो उन्हें संसद में मुद्दा उठाना चाहिए।"
राजेंद्र ने यह भी कहा, "संसद में तथ्यों के साथ चर्चा होनी चाहिए क्योंकि वहां जवाबदेही तय होती है।" उनका आरोप है कि राहुल गांधी संसद के बाहर बयान देकर भ्रम पैदा कर रहे हैं। उन्होंने यह साफ किया कि "कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से अरुणाचल प्रदेश तक देश की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था पर विश्वास रखती है।" एटेला राजेंद्र ने भारतीय नागरिकों से अपील की कि वे देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का सामना करें।