घर में घुसकर परिवार पर धारदार हथियारों से हमला

नवभारतटाइम्स.कॉम

सोहनाशहर के भगतवाड़ा में एक परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और चाकू से वार किए। इस हमले में दो सगे भाई सहित कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने छह नामजद और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुरानी रंजिश को हमले का कारण बताया जा रहा है।

family attacked with sharp weapons after intrusion into home two brothers among several injured old grudge suspected

n NBT रिपोर्ट, सोहना

शहर के वॉर्ड नंबर-18 भगतवाड़ा एरिया में एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और चाकू से हमला किया, जिसमें दो सगे भाइयों समेत कई उन्य सदस्य घायल हो गए। सोहना सिटी थाना पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस जांच कर रही है। हमला किए जाने की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, निवासी कुलदीप का आरोप है कि 8 अप्रैल की रात करीब 9 बजे कमल, राजेश, राहुल, संजु, अनीता, मुकेश तथा इनके साथ आए 8-10 अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर में घुसकर चाकू, डंडों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से परिवार के सदस्यों पर बेरहमी से वार किए। हमले में कुलदीप के सिर पर गंभीर चोट आई, जिन पर टांके लगे हैं, वहीं हाथ व शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई चोटें आई हैं। उनके भाई कोमल के हाथ में गंभीर चोट लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के हाथ-पैर व शरीर पर चोटें आई। आराेप है कि आरोपी पक्ष पहले भी कई बार जानलेवा हमला कर चुका है, जिसकी शिकायतें पूर्व में भी दी गई थीं, जिनमें 22 फरवरी 2025 की शिकायत भी शामिल है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

वहीं इस मामले में बताया जा रहा है कि हमले के दौरान अज्ञात हमलावरों ने अपने चेहरे ढके हुए थे। घटना के बाद गर्वमेंट अस्पताल सोहना से पुलिस चौकी को सूचना मिली थी कि कुलदीप और कोमल झगड़े में घायल होकर अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। वहीं कोमल को जांच के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और अज्ञात हमलावरों की पहचान व परिवार को सुरक्षा दिए जाने की मांग की है। वहीं दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।