nNBT न्यूज, गुड़गांव
शहर के सेक्टर-37 में पार्क न होने और पानी सप्लाई में किल्लत से लोग परेशान हैं। RWA के अनुसार पार्क के लिए जगह तक चिह्नित है लेकिन काम नहीं हो रहा। मामले को लेकर कई बार संबंधित विभागों के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। RWA प्रधान साहिल यादव ने कहा कि इलाके में पार्क तक नहीं है। पानी सप्लाई की भी समस्या है। RWA उपाध्यक्ष सुरेश का कहना है कि पानी और पार्क जैसी बुनियादी जरूरतें हर कॉलोनी में होनी चाहिए। कई बार अधिकारियों से मुलाकात की है, लेकिन केवल आश्वासन मिल रहे हैं। कोषाध्यक्ष दीपक यादव ने बताया कि पार्क के लिए जगह चिह्नित होने के बावजूद काम नहीं हुआ। RWA के कार्यकारी सदस्य नरेंद्र यादव और सत्य वर्मा ने कहा कि चिह्नित जगह पर झाड़ियां उग आई हैं। मच्छरों और गंदगी का भी खतरा बढ़ गया है। पानी सप्लाई की भी समस्या इलाके में रहती है। जल्द समाधान होना चाहिए।


