nNBT न्यूज,गुड़गांव
शहर के पालम विहार सेक्टर-3 के सी-2 ब्लॉक में बिजली लाइन सुधार के लिए सड़क के किनारे खोदे गए थे, लेकिन आठ अप्रैल से काम बंद है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है और निवासी भी परेशान हैं। दरअसल, 20 साल पहले बने इस रिहायशी इलाके को 2020 में नगर निगम ने टेकओवर किया था। इसके बाद इलाके के बदहाल बिजली इन्फ्रास्ट्रक्चर के सुधार का काम शुरू हुआ था। RWA वाइस प्रेसिडेंट अभिषेक शर्मा के अनुसार, DHBVN ने करीब दो महीने पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने का काम शुरू कराया था। पुराने पैनल बदलने, केबल लाइन दुरुस्त करने और बिजली ढांचे को सुरक्षित बनाने का काम किया जा रहा था। लेकिन 8 अप्रैल से काम ठप है। काम के चलते सड़कों के किनारे गहरे गड्ढे खोद दिए गए हैं और खुदाई की मिट्टी सड़क पर ही पड़ी है, इससे आवागमन में परेशानी हो रही है। कई जगह वाहन फंस जाने की समस्या भी सामने आती हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। निवासियों का कहना है कि बरसात का मौसम नजदीक है और यदि समय रहते कार्य पूरा नहीं हुआ तो जलभराव, कीचड़ और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा।


