महिलाओं को जागरूक करने के लिए सड़क पर उतरीं बेटियां

नवभारतटाइम्स.कॉम
Navbharat Times

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद

महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से लागू ‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के प्रति जागरुकता फैलाने के लिए बुधवार को जिले में स्कूटी रैलियों का आयोजन किया गया। गाजियाबाद शहर में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल और मुरादनगर में विधायक अजीतपाल त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर इन रैलियों का शुभारंभ किया। शहर में आयोजित स्कूटी रैली नवयुग मार्केट स्थित दुर्गा भाभी चौक से शुरू होकर जीटी रोड स्थित रानी लक्ष्मीबाई मूर्ति पर जाकर संपन्न हुई। इस दौरान डॉ. हिमानी अग्रवाल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारत सरकार का एक ऐतिहासिक कदम है। यह कानून महिलाओं के राजनीतिक भविष्य को बदलने और उन्हें मुख्यधारा में लाने में मील का पत्थर साबित होगा। इस रैली में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिविल डिफेंस और गैर-सरकारी संगठनों की लगभग 600 से अधिक महिलाओं ने हिस्सा लिया।

वहीं, दूसरी ओर मुरादनगर में काईट (KIET) कॉलेज से लेकर रैपिड रेल स्टेशन तक जागरुकता रैली निकाली गई। विधायक अजीतपाल त्यागी ने कहा कि इस अधिनियम का मुख्य उद्देश्य समाज में समानता और न्याय को बढ़ावा देना है। मुरादनगर की रैली में लगभग 500 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। इन आयोजनों के दौरान गाजियाबाद में भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। वहीं मुरादनगर में परियोजना निदेशक प्रदीप कुमार पाण्डेय और अधिशासी अधिकारी शैलेदर कुमार सिंह सहित स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे।