n NBT रिपोर्ट, भोपुरा : ऑक्सी होम्स सोसायटी ने पारदर्शी और जवाबदेह प्रबंधन की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए कार्यकाल समाप्त होने से पहले ही AOA चुनाव कराने का फैसला लिया है। 19 अप्रैल को प्रस्तावित ये AOA (अपार्टमेंट ओनर्स असोसिएशन) चुनाव सोसायटी प्रशासन की सकारात्मक सोच और निवासियों के हितों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता हैं। खास बात यह है कि ऐसा पहली बार है जब मौजूदा प्रबंधन ने अपने कार्यकाल की समाप्ति से पूर्व ही चुनाव कराने का निर्णय लिया है। सोसायटियों में रहने वाले निवासियों का कहना है कि सोसायटी में कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी लंबे समय तक चुनाव नहीं कराए जाने से निवासियों को प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जनरल बॉडी मीटिंग (GBM) के माध्यम से चुनाव समिति का गठन किया गया है। प्रबंधन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि चुनाव बिना किसी अतिरिक्त खर्च और बिना किसी भेदभाव के संपन्न कराए जाएं। वर्तमान प्रबंधन का कार्यकाल 4 मई तक निर्धारित था, लेकिन सोसायटी हितों को प्राथमिकता देते हुए समय से पहले चुनाव कराने का निर्णय लिया गया।


