n NBT न्यूज, दनकौर
क्षेत्र के अस्तौली गांव में डंपिंग ग्राउंड के विरोध में चल रहा ग्रामीणों का धरना बुधवार को चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे किसानों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनकी मांगों पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे, जिससे उनमें रोष बढ़ता जा रहा है।
धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि वर्षों पहले बनाए गए इस डंपिंग ग्राउंड के कारण गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर जिले के करीब आठ गांवों के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। डंपिंग ग्राउंड से उठने वाली बदबू गांवों तक पहुंचती है, जिससे लोगों को सांस और त्वचा संबंधी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। रविवार से जारी इस धरने में बड़ी संख्या में किसान शामिल हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आगामी रविवार को महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


