n पीटीआई, पटना
बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद बीजेपी विधायक सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिट.) सैयद अता हसनैन ने लोकभवन के राजेंद्र मंडपम में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद चौधरी इस पद पर आसीन होने वाले, बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री हैं। सम्राट चौधरी के अलावा जेडीयू के विजय चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। शपथ लेने के तुरंत बाद सीएम सम्राट चौधरी मुख्य सचिवालय स्थित सीएमओ पहुंचे और औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण फाइलों पर हस्ताक्षर किए और उच्चाधिकारियों के साथ राज्य के विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर बैठक की।
सम्राट चौधरी ने शपथ लेते ही कई अहम राजनीतिक उपलब्धियां अपने नाम दर्ज की हैं। वह बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री हैं। साथ ही उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए हैं, जो डिप्टी सीएम पद से सीधे मुख्यमंत्री पद तक पहुंचे हैं। करीब 59 साल बाद यह उपलब्धि दोहराई गई है। इससे पहले 1967 में डिप्टी सीएम बने जननायक कर्पूरी ठाकुर ने 1977 में मुख्यमंत्री पद संभाला था। चौधरी 2017 में बीजेपी में शामिल हुए थे और छह साल के भीतर वह राज्य इकाई के शीर्ष नेता बन गए।


