डॉग बाइट के रोजाना आ रहे 350 से ज्यादा मामले

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा में आवारा कुत्तों का खौफ बढ़ गया है। हर दिन 350 से 400 लोग कुत्ते के काटने पर इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। भंगेल, सेक्टर-110 और सेक्टर-82 से सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। स्थानीय अस्पतालों में सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को जिला अस्पताल आना पड़ रहा है।

dog menace in noida over 350 dog bite cases daily district hospital crowded

n NBT न्यूज, नोएडा

शहर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। विभिन्न इलाकों में डॉग बाइट के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। जिला अस्पताल में रोजाना 350 से 400 मरीज एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं। नोएडा जिला अस्पताल के चीफ फार्मासिस्ट गिरेंद्र चौहान ने बताया कि डॉग बाइट के मामले दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे हैं। प्रतिदिन औसतन 400 मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं, जिनमें भंगेल, सेक्टर-110 और सेक्टर-82 क्षेत्रों से सबसे अधिक संख्या है। इन इलाकों से मरीजों का सिलसिला अभी भी जारी है। अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने आए मरीजों ने भंगेल क्षेत्र के अस्पतालों पर अव्यवस्था का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वहां चिकित्सा सुविधाओं की भारी कमी है। कभी सिरिंज उपलब्ध नहीं होती है तो कभी इंजेक्शन खत्म हो जाते हैं। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिससे उन्हें जिला अस्पताल आना पड़ता है। डॉ़ चौहान ने बताया कि वर्तमान में बच्चों और बुजुर्गों में डॉग बाइट के मामले अधिक सामने आ रहे हैं। एंटी-रेबीज वैक्सीन का शेड्यूल 0, 3, 7 और 28 दिन का है, जिसका समय पर पूरा पालन जरूरी है। किसी भी कुत्ते के काटने को हल्के में न लें, क्योंकि समय पर वैक्सीन ही रेबीज से बचाव का एकमात्र प्रभावी उपाय है।