हिमालय प्राइड में फिर 9 घंटे कटी रही बिजली

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हिमालय प्राइड सोसायटी में बुधवार को बिजली आपूर्ति 9 घंटे तक बाधित रही। सोसायटी प्रबंधन द्वारा बिजली विभाग का बकाया बिल जमा न करने पर यह कार्रवाई हुई। करीब 1150 परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बच्चों और बुजुर्गों को गर्मी में कष्ट हुआ।

greater noida 9 hours power outage in himalaya pride 1150 families suffer due to management negligence

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेकजोन-4 स्थित हिमालय प्राइड सोसायटी में रहने वाले करीब 1150 परिवारों को बुधवार को एक बार फिर प्रबंधन की लापरवाही के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली विभाग (NPCL) ने मार्च का 9 लाख 43 हजार 865 रुपये का बकाया बिल समय पर जमा न करने के चलते सोसायटी की बिजली आपूर्ति काट दी। एनपीसीएल की ओर से सोसायटी प्रबंधन को कई बार नोटिस भेजकर 30 मार्च तक भुगतान करने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रबंधन द्वारा इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। निर्धारित तिथि बीतने के बाद विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बुधवार सुबह 8:15 बजे कनेक्शन काट दिया, जिससे सोसायटी के सभी पांच टावरों में अंधेरा छा गया।

एनपीसीएल के मीडिया प्रभारी मनोज झा के अनुसार, डिस्कनेक्शन की तारीख 13 अप्रैल पहले ही नोटिस के जरिए स्पष्ट कर दी गई थी। यह इस सोसायटी के निवासियों के लिए कोई नई समस्या नहीं है, क्योंकि पिछले कुछ महीनों में यह तीसरी बार है जब बकाये के कारण बिजली काटी गई है। इससे पहले फरवरी में 22.99 लाख और पिछले साल नवंबर में 29.24 लाख रुपये के बकाये पर भी यही स्थिति बनी थी। निवासियों का आरोप है कि वे अपनी ओर से नियमित भुगतान करते हैं, लेकिन प्रबंधन की कोताही उन्हें बार-बार अंधेरे में रहने पर मजबूर कर देती है। हालांकि, करीब 9 घंटे तक बिना बिजली के रहने के बाद शाम को राहत की खबर आई। सोसायटी प्रबंधन द्वारा 4 लाख रुपये का तत्काल भुगतान करने और शेष राशि एक सप्ताह के भीतर जमा करने की लिखित अंडरटेकिंग (आश्वासन) देने के बाद विभाग ने शाम 5 बजे आपूर्ति बहाल कर दी। 9 घंटे तक बिजली गुल रहने से बच्चों और बुजुर्गों को भीषण गर्मी में काफी कष्ट झेलना पड़ा, जिसके बाद अब जाकर स्थिति सामान्य हुई है।