n NBT न्यूज नोएडा : सेक्टर-71 के शिव शक्ति अपार्टमेंट में कूड़े के ढेर और फैली गंदगी से स्थानीय निवासी परेशान हैं। इस संबंध में आरडब्ल्यूए के महासचिव संजय शुक्ला ने नोएडा प्राधिकरण के हेल्थ डिपार्टमेंट को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में बताया कि अपार्टमेंट परिसर और आसपास के क्षेत्र में कूड़े का नियमित उठान नहीं हो रहा है, जिससे स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कूड़े के ढेर से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों व संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। निवासियों का कहना है कि इस कारण बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ने की आशंका है। आरडब्ल्यूए ने मांग की है कि जमा कूड़े को तत्काल प्रभाव से हटवाया जाए और डोर-टु-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर सफाई नहीं हुई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। महासचिव संजय शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करना प्राधिकरण की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जल्द ही संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान करेगा। साथ ही निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्रवासी प्राधिकरण की त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।


