n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने 12 लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा करते रैपिडो चालक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज (संजय कॉलोनी), नितेश (जीवन नगर पार्ट-2) और गौतम (पर्वतीय कॉलोनी) के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, 12 अप्रैल को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई इस वारदात में अंदरूनी साजिश सामने आई है। चावला कॉलोनी निवासी अंकित ने शिकायत दी थी कि उसने 12 लाख रुपये प्रहलाद के जरिए दिल्ली भिजवाने थे। प्रहलाद, रैपिडो चालक मनोज के साथ पैसे लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में लूट की सूचना दी गई। जांच में खुलासा हुआ कि रैपिडो चालक मनोज ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। वारदात वाले दिन जैसे ही प्रहलाद और मनोज एक्सप्रेसवे पर पहुंचे, पीछे से रवि, हरीश और गौतम दूसरी बाइक पर आ गए। चलती बाइक से चाबी निकालकर उन्हें रोका गया और चाकू के बल पर 12 लाख रुपये लूट लिए गए।





