n NBT न्यूज, फरीदाबाद
नहाना, वॉशरूम इस्तेमाल करना, कपड़े धोना रोजमर्रा के इन कामों के लिए सेक्टर-30 में रहने वालीं अर्पण को कई बार सोचना पड़ता है। अर्पण के बच्चे गर्मी के बावजूद दो दिन बिना नहाए स्कूल गए। पानी के थोड़े से इस्तेमाल के लिए भी पहले से ही चिंता सताने लगती है। यह परेशानी केवल अर्पण की ही नहीं, इलाके में रहने वाले 700 से ज्यादा परिवारों की है। क्योंकि सेक्टर-30 में पिछले चार दिनों से पानी की सप्लाई नहीं हो रही।
आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का आरोप है कि इसकी शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।रेनीवेल पर बिजली के तार खंभे पर नहीं लगे हैं। बांस की बल्लियों के सहारे तार बंधे हैं। ऐसे में आंधी-बारिश के दौरान तारों में फॉल्ट की समस्या आ जाती है, जिसके बाद पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है। विभाग की लापरवाही के चलते लोगों को टैंकर पर निर्भर रहना पड़ता है। निवासियों का कहना है कि कई दिनों से घरों में पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे दैनिक कार्य पर असर पड़ा है। पीने के पानी से लेकर सफाई तक की समस्याएं खड़ी हो गई हैं। लोगों को पानी के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में पानी की कमी ने हालात और भी खराब कर दिए हैं। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि ददसिया रेनीवेल में आए दिन कोई न कोई समस्या खड़ी हो जाती है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जल्द से जल्द समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों का कहना है कि यहां से पानी सप्लाई होकर सेक्टर के बूस्टर में आता है। इस बूस्टर की गहराई करीब 12 फुट है, लेकिन इसमें नीचे गंदगी व काई जमी हुई है। ऐसे में इस बूस्टर में केवल 4-5 फुट ही पानी भर पाता है। काई से पानी में गंदगी फैल जाती है और लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। बूस्टर टैंक में से सेक्टर 30, 31 और आसपास के इलाके में पानी सप्लाई होता है। इससे 6 से 10 बजे तक पानी सप्लाई होता है, लेकिन नीचे काई जमने से इसमें कम पानी भरता है, जिससे उसे अधिक दिनों तक चलाया भी नहीं जा सकता। जब रेनीवेल से पानी सप्लाई बंद हुई तो अगले दिन से लोगों के घरों में एक बूंद भी पानी नहीं पहुंचा, जिससे 700 से अधिक परिवारों को दैनिक कार्यों को करने में परेशानी उठानी पड़ी। आरडब्ल्यूए ने निजी खर्चे पर टैंकर मंगाकर इलाके में पानी सप्लाई करवाई।





