अनाज मंडी में आढ़ती पर हमला, युवकों ने लाठी-डंडों से पीटा

नवभारतटाइम्स.कॉम

बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में सोमवार को आढ़ती रंजीत रावत पर 10-12 युवकों ने लाठी-डंडों और रॉड से हमला किया। उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

bhallabhgarh grain market commission agent critically injured in attack policeman accused of conspiracy in old rivalry

n NBT न्यूज, बल्लभगढ़ : सदर थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर बिल्लौच गांव की अनाज मंडी में सोमवार को एक आढ़ती पर हमला कर दिया गया। 10-12 युवकों ने लाठी-डंडों और रॉड से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घायल की पहचान आढ़ती रंजीत रावत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रंजीत अपनी आढ़त पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक 10-12 युवक वहां पहुंचे और हमला बोल दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल के परिजनों ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश का आरोप लगाया है। रंजीत के भाई का कहना है कि कुछ दिन पहले सदर थाना का एक पुलिसकर्मी अपने साथी के साथ नशे की हालत में मंडी आया था। इस दौरान उसने एक महिला के साथ बदसलूकी की थी। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उस समय मंडी के आढ़तियों ने भी विरोध जताया था, लेकिन मामला आपसी समझौते से शांत कर दिया गया था। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के चलते पुलिसकर्मी ने हमला करवाया है। सदर थाना प्रभारी समेर ने बताया कि आढ़ती पर हमले की सूचना मिली है और पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया जाएगा और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।