n NBT न्यूज, फरीदाबाद
सूरजकुंड स्थित ओमेक्स हिल्स सोसायटी , ग्रीनफील्ड कॉलोनी और ग्रीन वैली सोसायटी के रेजिडेंट्स को इन दिनों सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता सता रही है। इस एरिया में पिछले एक हफ्ते के अंदर लूट की लगातार 3 वारदात हो चुकी हैं। हैरानी की बात यह है कि ये तीनों वारदात एक जैसी हैं, जिसमें दो बाइक सवार रास्ते में निवासी को रोक कर चाकू दिखाकर लूट रहे हैं। इन वारदात के बाद से निवासियों में डर का माहौल बन गया है। लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं और बाहर जाने से कतरा रहे हैं।
निवासियों का कहना है कि हाल ही में हुई लूट की घटनाओं में बदमाशों ने राह चलते लोगों को निशाना बनाया और हथियारों के बल पर उनसे नकदी व कीमती सामान छीन लिया। इन घटनाओं के बाद से खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में डर का माहौल है। कई लोगों ने सुबह-शाम की सैर बंद कर दी है, जबकि बच्चे भी बाहर खेलने से कतराने लगे हैं। निवासी सन्नी खंडेलवाल ने बताया कि इलाके में असामाजिक तत्व सक्रिय हो गए हैं। सुबह-शाम सैर के लिए निकलने वाले लोगों को शिकार बनाया जा रहा है। निवासियों का आरोप है कि यहां पुलिस पेट्रोलिंग नहीं होती है, जिससे बदमाश सक्रिय हो गए हैं। ओमेक्स हिल्स-1 सोसायटी निवासी श्रवण राय ने बताया कि सोसायटी के आसपास खाली एरिया होने से असामाजिक तत्व आसानी से वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सोसायटी के बाहर निकलते ही लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने एरिया में गश्त बढ़ाने और टी-पॉइंट पर नाका लगाने की मांग की है।





