कार में CNG डलवाने गए युवकों से पंपकर्मियों ने की मारपीट, केस

नवभारतटाइम्स.कॉम

गाजियाबाद के मसूरी में सीएनजी पंप पर युवकों से गैस की कीमत को लेकर विवाद हो गया। पंपकर्मियों ने युवकों के साथ मारपीट की। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

ghaziabad dispute over cng pump price assault on youths case registered

n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : मसूरी क्षेत्र में स्थित सीएनजी पंप पर गैस की कीमत लेकर हुई कहासुनी होने के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पंप के कर्मचारियों ने ग्राहक और उसके साथियों के साथ मारपीट की। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में संजय कॉलोनी अर्थला निवासी विष्णु कुमार मसूरी थाने में पंप कर्मियों के खिलाफ मसूरी थाने में केस दर्ज कराया है।

विष्णु कुमार ने बताया कि 13 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे वह अपने रिश्तेदार दिनेश, विनोद और सतेंद्र के साथ हवा हवाई रेस्तरां के पास सीएनजी पंप पर गैस भरवाने गए थे। इसी दौरान सीएनजी के प्रेशर और कीमत को लेकर पंप कर्मचारियों से बातचीत चल रही थी। आरोप है कि इसी बात को लेकर वहां मौजूद सीएनजी भरने वाले कर्मचारी अचानक आक्रमक हो गए और उनके व उनके साथियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके होंठ पर गंभीर चोट आई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं। मारपीट का कारण पूछने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। इस बाबत डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर 19 अप्रैल को केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।