n NBT रिपोर्ट, ग्रेनो : शहर और गांवों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने के लिए ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने योजना बना ली है। करीब 12 गांवों में स्ट्रीट लाइट का काम पूरा नहीं हुआ है, वहां इसे कराया जाएगा। शहर की मुख्य रोड के आसपास डिजाइनर लाइट भी लगवाने की तैयारी है। इस काम पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्रेनो अथॉरिटी ने गांवों की भी स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की तैयारी शुरू कर दी है। सूरजपुर, भोला रावल, तिलपता करनवास, कुलेसरा, कैलाशपुर, बिसरख, सादोपुर, खोदना खुर्द, खैरपुर गुर्जर, छपरौला, खेड़ा धरमपुर, मिलक लच्छी, खेड़ी, भनौती, सुनपुरा गांव में स्ट्रीट लाइट का काम पूरा कराया जाएगा। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी ने सेक्टर-3 और सेक्टर केपी-5 के बीच 80 मीटर चौड़ी सड़क और चार मूर्ति रोटरी से तिगरी रोटरी तक एनएच 24 लिंक रोड पर 60 मीटर चौड़ी सड़क पर कॉनिकल आर्च स्ट्रीट लाइट पोल लगवाएगी। इन कामों पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए एजेंसी की तलाश शुरू कर दी गई है। दो महीने में काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि स्ट्रीट लाइट का काम प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।





