n NBT न्यूज, गुड़गांव
मिलेनियम सिटी में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तीसरे दिन भी बड़े तौर पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इस दौरान डीटीपी इन्फोर्समेंट की टीमों ने कई सेक्टरों में अवैध रूप से किए गए एक हजार से ज्यादा निर्माणों और कब्जों को तोड़ा। वहीं सेक्टरों के बाहर अवैध रूप से लगे गेट को भी तोड़ दिया गया।
डीटीपी एनफोर्समेंट अमित मधोलिया ने बताया कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई करते हुए अस्थायी ढांचों और सार्वजनिक भूमि पर कब्जों को हटाया जा रहा है। अभियान से पहले विभाग की ओर से नागरिकों को अपने घर के बाहर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने की अपील की गई थी। इसके बावजूद उल्लंघन पाए जाने पर विभाग की ओर से बिना किसी छूट के सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान डीएलएफ फेज-1 के ए ब्लॉक एक्सटेंशन में बची हुई लेन से कार्रवाई की शुरुआत की। इसके बाद तोड़फोड़ दस्ता डीएलएफ फेज-2 पहुंचा। यहां सेंट्रल आर्केड मार्केट से अभियान की शुरुआत करते हुए अवैध टैक्सी स्टैंड और मार्केट में सभी कियोस्क पूरी तरह ध्वस्त कर दिए गए। इसके साथ ही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई हुई।
केबल लाइनें हुई खराब, परेशान हो रहे लोग:विभिन्न सेक्टर और सोसायटियों में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हुई कार्रवाई से कुछ एरिया के लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से केबल लाइनें खराब हो गई हैं। फोन और इंटरनेट सेवाएं बाधित होने से काफी परेशानी बढ़ गई है। जानकारी के मुताबिक, प्रशासन की टीमें जब अवैध निर्माण हटाने के लिए विभिन्न सेक्टरों में पहुंचीं, तो इस दौरान जमीन के नीचे और दीवारों के साथ बिछाई गई केबल लाइनें भी टूट हो गई। निवासियों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से उन्हें अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ रही है। तोड़फोड़ के दौरान सावधानी नहीं बरती गई, जिससे जरूरी सेवाओं को नुकसान पहुंचा है।
यह है पूरा मामला: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से एस+4 पॉलिसी पर रोक के बाद टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (एनफोर्समेंट) विभाग की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। शहर की आठ प्रमुख लाइसेंस कॉलोनियों में एक साथ कार्रवाई करते हुए सड़कों के राइट ऑफ वे (ROW), ग्रीन एरिया व सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है।
आरडी सिटी में 12 पार्किंग शेड और 17 रैंप: टीम-6 ने आरडी सिटी में 9 पोर्टा केबिन, गार्ड रूम, 12 पार्किंग शेड, 17 रैंप, एक्सटेंडेड वॉल, 32 फेंसिंग हटाई। टीम-सात ने उप्पल साउथेंड व मालिबू टाउन में 4 अवैध MS बैरिकेडिंग हटाई। विभिन्न प्लॉट्स से 2 अवैध रैंप और 2 बाउंड्री वॉल हटाई गई। टीम आठ ने गार्ड रूम, 12 रैंप-स्टेयर यूनिट और 10 ग्रिल फेंसिंग हटाकर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।





