49 सेक्टरों में लोगों को बताए आग से निपटने के तरीके

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा में अग्निशमन सेवा सप्ताह के दौरान 49 सेक्टरों में जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को आग लगने की आपात स्थिति से निपटने के तरीके सिखाए गए। मॉक ड्रिल और निकासी का अभ्यास कराया गया। लगभग 8300 लोगों ने अग्नि सुरक्षा की जानकारी हासिल की। अग्निशमन विभाग ने उपकरणों के सही इस्तेमाल का लाइव डेमो दिया।

special fire safety training in 49 sectors of noida 8300 people participated

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत तीनों जोन में जागरूकता अभियान चलाया गया। 14 से 19 अप्रैल तक चले अभियान के दौरान जिले के कुल 49 अलग-अलग सेक्टर और सोसायटियों में निकासी और मॉक ड्रिल कराई गई।अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को आग लगने जैसी आपातस्थिति से निपटने के लिए तैयार करना था। सप्ताह भर चले इस कार्यक्रम में सोसायटी, दफ्तर, दुकानें और अन्य संस्थान शामिल किए गए।

 इसमें लगभग 8300 लोगों ने भाग लिया और अग्नि सुरक्षा के बारे में जरूरी जानकारी हासिल की। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि अग्निशमन विभाग की टीम ने लोगों को बहुत आसान तरीके से समझाया कि आग लगने पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्हें फायर एक्सटिंग्विशर, फायर हाइड्रेंट, होज रील और फायर बकेट जैसे उपकरणों का सही इस्तेमाल भी सिखाया गया। लाइव डेमो से दिखाया गया कि इन उपकरणों को कैसे चलाया जाता है, ताकि जरूरत पड़ने पर लोग घबराएं नहीं और तुरंत कार्रवाई कर सकें। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की स्थिति में सबसे जरूरी है शांत रहना। लोगों को सलाह दी गई कि तुरंत 101 या 112 नंबर पर कॉल करें और दूसरों को भी सतर्क करें। अगर कहीं धुआं भर जाए तो झुककर चलें और नाक-मुंह को कपड़े से ढक लें। साथ ही रुको, लेटो, लुढ़को जैसे सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए भी कहा गया। इसके अलावा लोगों को यह भी बताया गया कि ऐसी स्थिति में क्या नहीं करना चाहिए। जैसे लिफ्ट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, अपना सामान लेने के लिए वापस नहीं जाना चाहिए और निकासी के दौरान धक्का-मुक्की से बचना चाहिए। बिना प्रशिक्षण के आग बुझाने की कोशिश में खुद को खतरे में नहीं डालना चाहिए।