रफ्तार का कहर, छात्र की मौत, कई लोग घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव में पिछले दो दिनों में चार सड़क हादसे हुए। इन हादसों में एक छात्र की जान चली गई। चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामले दर्ज किए हैं। सेक्टर-93 में एक थ्री-व्हीलर ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मारी।

speeding kills in gurgaon 4 accidents in 48 hours 1 student dead 4 injured

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर में पिछले 48 घंटों के भीतर गुड़गांव के विभिन्न एरिया में हुए चार सड़क हादसों में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सबसे दर्दनाक हादसा सेक्टर-93 एरिया में टुलिप पेटल सोसायटी के पास हुआ। यहां शिव कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय पवन अपनी बाइक से जा रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार इण्डेन गैस लिखे थ्री-व्हीलर ने उसे टक्कर मार दी। पवन के चाचा पंकज ने बताया कि वे खुद पीछे एक ऑटो में थे और उन्होंने हादसे को अपनी आंखों से देखा। पवन को गंभीर हालत में पहले निजी अस्पताल और फिर पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सेक्टर-93 चौकी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

एक्सप्रेसवे पर बाइक को कार ने मारी टक्कर: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बादशाहपुर के नजदीक एक और हादसा हुआ। दिल्ली निवासी किशन ऐप वेस्ड बाइक चलाते है। किशन बाइक से सवारी मेघा को लेकर नोएडा जा रहा था। पीछे से आई एक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में किशन और पैसेंजर मेघा दोनों घायल हो गए। मेघा की हालत चिंताजनक बताई जा रही है और वह पार्क हॉस्पिटल में भर्ती है।

ट्रक के टायर के नीचे आई महिला: खेड़की दौला थाना एरिया में सुजुकी कंपनी के पास रेड लाइट पार कर रही सुहानी नामक महिला को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक का टायर महिला के पैर के ऊपर से गुजर गया। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ने ब्रेक लगाए और लोगों ने महिला को ट्रक के नीचे से बाहर निकाला।