ओल्ड सिटी में कई एरिया में सुधरेगा ट्रैफिक

नवभारतटाइम्स.कॉम

गुड़गांव के ओल्ड सिटी एरिया में ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलेगी। ट्रैफिक पुलिस ने जाम से निपटने के लिए एक नई योजना पर काम शुरू किया है। अग्रसेन चौक और महावीर चौक पर ट्रायल शुरू हो गया है। वन वे, सिग्नल फ्री, ऑटो के लिए अलग लेन और यू टर्न की नई व्यवस्थाएं की गई हैं।

traffic jam to get relief in old city traffic police starts trial

n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

ओल्ड सिटी एरिया में हर समय जाम और हैवी ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने प्लान पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत शहर के अग्रसेन चौक, महावीर चौक पर ट्रायल शुरू किया गया है। यहां पर वन वे, सिग्नल फ्री, ऑटो के लिए अलग लेन और यू टर्न चौक की बजाय आगे से किया गया है। रविवार को इस प्लान पर काम शुरू कर दिया गया था। सोमवार से यहां पर ट्रायल शुरू हो गया है। एक सप्ताह तक ट्रायल के बाद इसे सफल होने पर पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।

अग्रसेन चौक से न्यू रेलवे रोड पर जाने वाले ट्रैफिक के लिए कट ओपन कर दिया गया है। काफी समय से यह कट बंद था। रेलवे रोड पर जाने के लिए ट्रैफिक को इस चौक से आगे जाकर अग्रवाल धर्मशाला से यू टर्न लेकर आना होता था। अब वहां तक जाने का समय बचेगा। इसी चौक से सिविल लाइन की ओर आने वाले ट्रैफिक को बस स्टैंड की ओर बैंक के आगे से यू टर्न से निकाला जाएगा। इसी प्रकार अग्रवाल धर्मशाला की ओर से आने वाले ऑटो व ई रिक्शा के लिए चौक के साथ में अलग से लेन बनाई गई है। जबकि अग्रसैन चौक और रेलवे रोड पर जाने वाले ट्रैफिक के लिए भी बेरिकेट लगाकर लेन बनाई गई है।