Number Plates Washed Away In Rain Vehicle Owners Worried About Challans
बारिश में बहीं गाड़ियों की नंबर प्लेट, अब चालान का डर
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, गुड़गांव
बारिश के बाद जलभराव ने आरडी सिटी, सेक्टर-52 के वाहन मालिकों की परेशानी बढ़ा दी है। सोसायटी के गेट नंबर-3 पर पानी भरने के कारण कई वाहनों की नंबर प्लेट निकलकर गिर गईं। सोसायटी प्रबंधन ने मिली हुई नंबर प्लेटों को सुरक्षित रख लिया है। वाहन मालिक आरसी या वाहन से संबंधित दस्तावेज दिखाकर सिक्योरिटी गार्ड से अपनी प्लेट ले सकते हैं।परेशानी यह है कि बिना नंबर प्लेट सड़क पर निकलने पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई का डर बना हुआ है। हरियाणा परिवहन विभाग के अनुसार बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना नियमों का उल्लंघन है। वहीं, अगर प्लेट नहीं मिलती और नई HSRP बनवानी पड़ती है तो इसमें भी कुछ दिन लग सकते हैं। उपलब्ध HSRP पोर्टल के मुताबिक प्लेट तैयार होने में सामान्य तौर पर 7 से 10 दिन लगते हैं।
सोसायटी की मीडिया कोऑर्डिनेटर चैताली ने कहा कि बारिश के दौरान गेट-3 पर पानी भरने से कुछ वाहनों की नंबर प्लेटें निकल गई थीं। सभी मिली हुई प्लेटें सिक्योरिटी के पास सुरक्षित रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि वाहन मालिक दस्तावेज दिखाकर अपनी प्लेट प्राप्त कर सकते हैं।