तेज़ रफ्तार मर्सडीज़ कार की टक्कर से बुज़ुर्ग महिला की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम
speeding mercedes kills elderly woman suspected drunk driving
nNBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

आउटर नॉर्थ दिल्ली के नरेला में शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार मर्सडीज कार की टक्कर से 70 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। एक अन्य गाड़ी का ड्राइवर भी हादसे में घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाकर इलाज दिया गया। हादसा महमूदपुर स्थित हिमालय डिपार्टमेंट के बाहर सुबह 8 बजे के आसपास हुआ। मृतका की पहचान उर्मिला (70) के रूप में हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया गया है। नरेला थाने में एफआईआर दर्ज कर दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया गया है। आरोपी कार के ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी राजवीर सिंह के अनुसार उर्मिला मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। वह हर रोज चीटियों को दाना डालने और धार्मिक कार्य के लिए अक्सर जाया करती थीं। उसी दौरान अचानक तेज रफ्तार में आ रही मर्सडीज कार ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह हवा में उछलकर काफी दूर जाकर गिरीं। महिला को तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका कहना है कि आरोपी की कार में शराब की बोतल भी पड़ी हुई मिली है।

लोगों का आरोप है कि एक्सिडेंट के बाद आरोपी ने कार रोकने की बजाय भागने की कोशिश और दूसरी गाड़ी में टकरा मार दी। इसके कारण उस गाड़ी के भी परखच्चे उड़ गए। दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय निवासियों का कहना था कि कार की स्पीड काफी ज्यादा थी, जिस कारण ड्राइवर कार पर कंट्रोल नहीं कर पाया। एक्सिडेंट के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे पर स्थानीय लोगों में गुस्सा देखने को मिला। मृतका के भतीजे सुनील कुमार ने बताया कि इलाके में पास ही शराब का ठेका है। इस कारण यहां पर ऐसे हादसे हो रहे हैं। शाम होते ही ठेके के आसपास गाड़ियां खड़ी हो जाती हैं और लोग गाड़ियों में काले शीशों लगाकर शराब पीते हैं।

डीसीपी आउटर नॉर्थ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सुबह 8 बजे नरेला थाना इलाके के महमूदपुर में हिमालय डिपार्टमेंट के बाहर हादसे की सूचना मिली थी। छानबीन में पता चला मर्सडीज और वेगन आर कार की टक्कर हुई। टक्कर के बाद वेगन आर कार तेजी से पीछे की तरफ गई और सड़क किनारे खड़े एक ऑटो में टकराई गई। हादसे में उर्मिला नाम की महिला की मौके पर ही मौत हो गई। डीसीपी के अनुसार इस एक्सीडेंट में वैगन आर कार के ड्राइवर को मामूली चोट लगी है। उनका इलाज करवाया गया है। इस मामले में आरोपी ने शराब पी रखी थी या नहीं इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।