Assault On Salesman When Alcohol Ran Out At Party Threatened With Pistol like Lighter
पार्टी में कम पड़ी शराब, फिर मचाया था बवाल
नवभारत टाइम्स•
दिल्ली के नांगलोई से दो आरोपी हर्ष और अक्षित गिरफ्तार हुए हैं। ये द्वारका में दोस्त की बर्थडे पार्टी मना रहे थे। शराब खत्म होने पर गुड़गांव के बजघेड़ा शराब ठेके पर पहुंचे। डिस्काउंट न मिलने पर सेल्समैन से मारपीट की। पिस्टल जैसा दिखने वाला लाइटर दिखाकर धमकी दी। पुलिस तीसरे साथी की तलाश कर रही है।
दिल्ली के नांगलोई से दो युवकों हर्ष और अक्षित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ये दोनों बजघेड़ा के एक शराब ठेके पर मारपीट और धमकी देने के मामले में आरोपी हैं। पता चला है कि ये युवक दिल्ली में अपने दोस्त की बर्थडे पार्टी मना रहे थे। पार्टी में शराब खत्म होने पर ये गुड़गांव आए और वाइन शॉप पर डिस्काउंट मांगने लगे। सेल्समैन के मना करने पर इन्होंने न सिर्फ मारपीट की, बल्कि पिस्टल जैसी दिखने वाली लाइटर दिखाकर कर्मचारियों को डराया भी। खास बात यह है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक एमबीए और दूसरा बीबीए पास है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हुई कार भी बरामद कर ली है।
यह घटना 27 जनवरी की है। 'टाइम्स ऑफ वाइन' के ऑपरेटर ने 29 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 27 जनवरी को कार में सवार तीन युवक शराब खरीदने आए थे। शराब लेने के बाद उन्होंने दुकान के कर्मचारियों से डिस्काउंट मांगा। जब कर्मचारियों ने डिस्काउंट देने से मना कर दिया, तो युवकों ने खुद को ठेकेदार बताते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी कार से हथियार निकालकर दुकान में घुस आया और जान से मारने की धमकी दी।पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दिल्ली के नांगलोई से हर्ष और अक्षित को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे द्वारका में अपने एक दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में थे। पार्टी में शराब खत्म हो गई थी, इसलिए वे गुड़गांव के इस ठेके पर आए थे। हर्ष नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि अक्षित का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। पुलिस अब इन दोनों के तीसरे साथी की तलाश कर रही है, जो वारदात के समय उनके साथ था। पुलिस ने आरोपियों से वह कार भी जब्त कर ली है, जिससे वे घटना को अंजाम देने आए थे।