NBT रिपोर्ट, मुंबई : IT कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली की वजह से गुरुवार को शेयर बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स 558.72 अंक (0.66%) गिरकर 83,674.92 पर बंद हुआ। वहीं, 50 शेयरों वाला NSE निफ्टी 146.65 अंक (0.57%) की गिरावट के साथ 25,807.20 पर बंद हुआ।
बाजार को नीचे गिराने में टेक्नॉलजी शेयरों का सबसे बड़ा हाथ रहा। टेक महिंद्रा, इंफोसिस और TCS के शेयर करीब 6-6 प्रतिशत तक गिर गए। इनके अलावा HCL, महिंद्रा एंड महिंद्रा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस, एटरनल, HDFC बैंक, इंडिगो, कोटक महिंद्रा बैंक और अदाणी पोर्ट्स के शेयर भी गिरावट में बंद हुए। BSE मिडकैप इंडेक्स में 0.48% और स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.28% की गिरावट दर्ज की गई। सेक्टरों की बात करें तो IT सेक्टर सबसे ज्यादा (5.40%) टूटा। इसके अलावा रियल्टी, ऑयल एंड गैस, एनर्जी, सर्विसेज और FMCG सेक्टर भी गिरकर बंद हुए।
क्या रही वजह? : बाजार में इस गिरावट की मुख्य वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से पैदा होने वाली मुश्किलें हैं। अमेरिका के मजबूत आर्थिक आंकड़ों के बाद ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद कम होना भी वजह रही। इससे निवेशकों में डर समा गया कि अमेरिकी क्लाइंट्स शायद IT पर होने वाले खर्च में कटौती करें। इससे यह संकेत मिला कि वहां ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रह सकती हैं। इसका असर भारतीय आईटी कंपनियों पर पड़ा, क्योंकि उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है।
TCS के शेयर 5.41% तक गिर गए। इससे इसकी मार्केट वैल्यू पहली बार 10 लाख करोड़ रुपये के नीचे आ गई। इस गिरावट के साथ ही TCS देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनियों की लिस्ट में खिसककर छठे नंबर पर आ गई है। वहीं, ICICI बैंक के शेयर करीब 2% बढ़े, जिससे वह TCS को पछाड़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गया।



