होटल के गार्ड की संदिग्ध हालात में मौत, लापरवाही का आरोप

नवभारत टाइम्स

मोहनलालगंज के एक होटल में सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर रात होटल के कर्मचारी ने परिजनों को सूचना दी। जब परिजन पहुंचे तो गार्ड मरणासन्न अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और हत्या की आशंका जताई है।

होटल के गार्ड की संदिग्ध हालात में मौत, लापरवाही का आरोप
मोहनलालगंज के अंतरास होटल में सुरक्षा गार्ड हरिश्चंद्र यादव उर्फ रिंकू की संदिग्ध मौत हो गई। शनिवार देर रात होटल के कर्मचारी ने हरिश्चंद्र के साले को फोन कर तबीयत खराब होने की सूचना दी। जब परिजन होटल पहुंचे तो हरिश्चंद्र होटल के बाहर मरणासन्न अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने होटल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

कनकहा मजरा फत्तेखेड़ा गांव के रहने वाले राहुल यादव ने बताया कि उनका चचेरा भाई हरिश्चंद्र यादव उर्फ रिंकू करीब एक साल से मोहनलालगंज के अंतरास होटल में गार्ड की नौकरी कर रहा था। शनिवार को वह अपनी ड्यूटी पर था। देर रात करीब 1:45 बजे होटल के एक कर्मचारी ने हरिश्चंद्र के साले विमलेश को फोन किया। कर्मचारी ने बताया कि हरिश्चंद्र की तबीयत खराब है। इसके बाद हरिश्चंद्र के परिजन तुरंत होटल पहुंचे।
परिजनों का कहना है कि जब वे होटल पहुंचे तो हरिश्चंद्र होटल के बाहर बेसुध पड़ा हुआ था। उन्होंने तुरंत उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राहुल यादव ने इस घटना पर हत्या की आशंका जताई है। हरिश्चंद्र अपने पीछे पत्नी किरन, बेटा शिवांश और बेटी जूही को छोड़ गया है।

इस मामले में इंस्पेक्टर बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।