कुआं पूजन में हुआ विवाद, धारदार हथियार से कर दी युवक की हत्या

नवभारत टाइम्स

तुस्याना गांव में कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। खाने के समय हुई कहासुनी के बाद आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हथियार भी बरामद कर लिया गया है। यह घटना गुरुवार रात को हुई थी।

bloody feud in well worship youth murdered with a sharp weapon in a drunken state
ग्रेनो वेस्ट के तुस्याना गांव में गुरुवार रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। कुआं पूजन कार्यक्रम में खाना खाते समय हुई कहासुनी के बाद यह वारदात हुई। युवक कार्यक्रम स्थल से बाहर निकला तो आरोपी ने रास्ते में उसे रोककर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार व खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। मृतक मनोज (हरदोई) तुस्याना गांव में किराए पर रहता था।

यह खूनी वारदात तुस्याना गांव में फिरे राम के यहां हो रहे कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में खाना खाते समय मृतक मनोज और गांव के ही जगवीर भाटी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। मनोज ने जगवीर को अपशब्द कहे और धक्का देकर गिरा दिया। इससे जगवीर को काफी चोट पहुंची और वह गुस्से में अपने घर चला गया। कुछ देर बाद जगवीर धारदार हथियार लेकर मनोज को ढूंढने निकला।
पुलिस के मुताबिक, तुस्याना गांव की तरफ आने वाली सड़क पर जगवीर को मनोज दिख गया। दोनों के बीच फिर से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी बीच जगवीर ने मनोज पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को जांच में पता चला कि इस वारदात को जगबीर ने ही अंजाम दिया है। पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए आरोपी जगबीर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि कुआं पूजन कार्यक्रम में जगबीर और मनोज दोनों ने शराब पी रखी थी। नशे में ही दोनों के बीच पहले झगड़ा हुआ था। बाद में खाना खाते समय फिर से कहासुनी हो गई, जिससे जगबीर का गुस्सा और बढ़ गया। गुस्से में वह घर गया और धारदार हथियार ले आया। उसने रास्ते में मनोज को रोककर उसकी हत्या कर दी।

इस मामले पर डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि तुस्याना गांव में पुलिस और फरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। जांच में यह साफ हो गया है कि गांव के ही एक शख्स ने धारदार हथियार से हमला कर इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने कहा, "आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।" पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस आगे की जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के सभी कारणों का पता लगाया जा सके।