NBT रिपोर्ट, मुंबई : शेयर बाजार में शुक्रवार को भारी गिरावट देखने को मिली। विदेशी निवेशकों द्वारा पैसा निकालने और दुनिया भर के बाजारों में मंदी के रुख की वजह से सेंसेक्स 961 अंक टूट गया। वहीं निफ्टी 25,200 के स्तर से नीचे बंद हुआ। जानकारों का कहना है कि दुनिया के कुछ हिस्सों में बढ़ते युद्ध के खतरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
सेंसेक्स 961.42 अंक (1.17%) गिरकर 81,287.19 पर बंद हुआ। इसी तरह 50 शेयरों वाला निफ्टी 317.90 अंक (1.25%) गिरकर 25,178.65 पर बंद हुआ।
जानकारों का कहना है कि अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत में कोई प्रगति न होने से खाड़ी देशों में तनाव और बढ़ने का डर पैदा हो गया है। बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.84 प्रतिशत और मिडकैप इंडेक्स में 0.71 प्रतिशत की गिरावट रही। इस पूरे हफ्ते की बात करें तो सेंसेक्स 1,527.52 अंक (1.84%) और निफ्टी 392.6 अंक (1.53%) नीचे गिरा है।
अगर अलग-अलग सेक्टरों की बात करें, तो रियल्टी सेक्टर में 2.25 प्रतिशत की सबसे बड़ी गिरावट आई। इसके बाद टेलीकॉम, ऑटो, मेटल, एफएमसीजी और बैंकिंग सेक्टर के शेयर भी नीचे गिरे। केवल आईटी (IT) सेक्टर ही ऐसा रहा जो बढ़त के साथ बंद हुआ।
वहीं, शुक्रवार को राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में 1,800 रुपये का जोरदार उछाल आया।ऑल इंडिया सराफा असोसिएशन के मुताबिक, चांदी की चमक लगातार दूसरे दिन फीकी रही। चांदी 2,500 रुपये यानी करीब 1 प्रतिशत लुढ़क कर 2,68,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

