युवक से एक लाख रुपये लूटे

नवभारत टाइम्स

हथीन पलवल रोड पर महाविद्या विहार के पास एक युवक से मारपीट कर एक लाख रुपये लूट लिए गए। युवक को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। घायल युवक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

youth robbed of one lakh rupees in hathin referred to delhi in serious condition
हथीन पलवल रोड पर हथीनमलोखडा गांव के पास महाविद्या विहार के पास एक युवक से एक लाख रुपये लूट लिए गए। बाइक सवार युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया गया। हथीन थाना पुलिस ने पीड़ित युवक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि मलोखड़ा गांव के रहने वाले उस्मान ने पुलिस को शिकायत दी है। उस्मान ने बताया कि उनका बेटा मौसम अपनी बाइक से ससुराल गांव नांगल सभा गया था। वहां से वह मकान बनाने के लिए एक लाख रुपये लेकर बाइक से वापस लौट रहा था। जब वह हथीन पलवल रोड पर महाविद्या विहार के पास पहुंचा, तो कुछ लोगों ने उसकी बाइक को घेर लिया।
आरोपियों ने युवक मौसम पर हमला कर दिया और उसके पास से एक लाख रुपये लूट लिए। झगड़े का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोपी युवक मौसम को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए।

घायल मौसम को तुरंत स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित युवक मौसम की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

पीड़ित के पिता उस्मान का आरोप है कि आरोपी हथीन से ही उनके बेटे मौसम का पीछा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपी काफी देर से मौसम का पीछा कर रहे थे। थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने की कोशिश करेगी।