Solver Gang Busted In Aitt Exam Principal Among 11 Arrested Lakhs Of Cash Recovered
AITT में सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, प्रयागराज
स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI), नैनी में चल रही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा (AITT)में बड़े स्तर पर सॉल्वर गैंग के जरिए नकल करवाने के संगठित खेल का पर्दाफाश किया है। STF की छापेमारी में संस्थान के प्रधानाचार्य, परीक्षा प्रभारी और चार अनुदेशकों सहित 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। परीक्षा CBT (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) मोड में करवाई जा रही है।आरोप है कि परीक्षार्थियों से चार-चार हजार रुपये लेकर उनकी जगह सॉल्वर बैठाकर ऑनलाइन परीक्षा दिलवाई जा रही थी। छापेमारी में पांच लाख 10 हजार रुपये नकद, परीक्षा से जुड़े दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री बरामद की गई। STF अब गिरोह के मास्टरमाइंड, ITI बांदा के अनुदेशक धीरंजन कुमार समेत आठ वांछितों की तलाश कर रही है।
STF के सर्कल अफसर (CO) शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि 11 जुलाई से 8 अगस्त तक आयोजित अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा में संस्थान के कुछ अधिकारी और कर्मचारियों द्वारा पैसे लेकर सामूहिक नकल करवाने की सूचना मिल रही थी। टीम ने बुधवार को नैनी स्थित ITI परिसर की कौशल विकास बिल्डिंग में तीसरी पाली की परीक्षा के दौरान छापेमारी की। इस दौरान पांच सॉल्वर शिवम कुमार, रणविजय सिंह, जय सिंह, जितेंद्र पटेल और दिलीप कुमार पटेल के अलावा संस्थान के प्रधानाचार्य अशोक कुमार, परीक्षा प्रभारी रवि प्रकाश तथा अनुदेशक फूल प्रकाश, धीरज कुमार शर्मा, राजेश कुमार और राजकुमार मौर्य को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान परीक्षार्थियों से परीक्षा पास करवाने के लिए वसूला गया पैसा, परीक्षा से संबंधित 67 दस्तावेज, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, पांच कंप्यूटर सिस्टम, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड समेत अन्य सामग्री बरामद हुई। सभी आरोपितों के खिलाफ नैनी थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।