नई दिल्ली: स्टूडेंट्स का जैसे-जैसे पढ़ाई का लेवल बढ़ता है, उनकी जरूरत स्मार्टफोन के आगे लैपटॉप की ओर बढ़ने लगती है। यहीं पर क्रोमबुक (Chromebook) की एंट्री होती है। आसुस (Asus) इंडिया के सिस्टम बिजनेस ग्रुप (कंज्यूमर एंड गेमिंग पीसी) के वाइस प्रेसिडेंट अर्नोल्ड सु का मानना है कि स्मार्टफोन जानकारी पाने के लिए बेहतरीन हैं, लेकिन प्रोजेक्ट या असाइनमेंट बनाने के लिए स्टूडेंट्स को एक बड़े स्क्रीन, फिजिकल कीबोर्ड और मल्टीटास्किंग की जरूरत होती है।
पहली बार कंप्यूटर खरीदने वालों के लिए क्रोमबुक में क्या खास है? इसके जवाब में अर्नोल्ड सु कहते हैं कि पहली बार लैपटॉप खरीदने वालों के सामने सॉफ्टवेयर इंस्टॉल करने, एंटीवायरस अपडेट करने और विंडोज की जटिल सेटिंग्स की चुनौती होती है। अर्नोल्ड सु ने कहा कि क्रोमबुक सामान्य विंडोज लैपटॉप से अलग होते हैं। यह गूगल के क्रोम ऑपरेटिंग सिस्टम पर चलता है। इसमें एंड्रॉइड ऐप्स का सपोर्ट मिलता है, जिससे मोबाइल यूजर्स को इसे चलाने में अपनापन लगता है। इसमें ज्यादातर काम इंटरनेट और क्लाउड के जरिए किए जाते हैं। सिस्टम अपने आप अपडेट होता रहता है और सिक्योरिटी फीचर पहले से ही मौजूद रहते हैं। हाल ही में आसुस ने अपना नया डिटैचेबल क्रोमबुक CM32 पेश किया है। कंपनी के मुताबिक यह डिवाइस न केवल स्टूडेंट्स बल्कि उन लोगों के लिए भी खास है जो पहली बार कंप्यूटर इस्तेमाल करने जा रहे हैं।बाजार में डिटैचेबल (कीबोर्ड अलग होने वाले वाले) लैपटॉप काफी समय से हैं, लेकिन वे बहुत ज्यादा पॉपुलर नहीं हो पाए। इस पर अर्नोल्ड सु का कहना है कि पहले के डिवाइसेज में बैटरी या परफॉर्मेंस की कमी होती थी। आसुस के नए डिटैचेबल क्रोमबुक CM32 में करीब 14 घंटे की बैटरी लाइफ और 2.5K हाई-डेफिनिशन डिस्प्ले दी गई है। यह उन स्टूडेंट्स के लिए है जिन्हें कभी टैबलेट की तरह नोट्स पढ़ने होते हैं, तो कभी कीबोर्ड लगाकर असाइनमेंट टाइप करना होता है।
अगर Apple कम कीमत पर 'मैकबुक नियो' जैसे और प्रोडक्ट लाता है तो आसुस उससे मुकाबला कैसे करेगा? इस सवाल के जवाब में सु ने कहा कि ऐपल के आने से कम कीमत वाले कंप्यूटर-लैपटॉप के सैगमेंट में मांग और जागरूकता और बढ़ेगी। भारत में अभी सिर्फ 10-12% घरों में पीसी हैं। आसुस का किसी कंपनी से मुकाबला केवल कीमत पर नहीं होगा, क्योंकि आसुस की असली ताकत क्रोमबुक से लेकर गेमिंग पीसी तक की बड़ी रेंज है, जो हर ग्राहक को जरूरत का सही विकल्प देती है। भारत में एक तरफ प्रीमियम डिवाइसेज की मांग बढ़ रही है, वहीं दूसरी तरफ स्टूडेंट्स, युवा प्रोफेशनल्स, पहली बार खरीदने वालों और बजट का ध्यान रखने वाले ग्राहकों की एक बड़ी आबादी है।