'मौत की मंज़िल' पर फंस गए थे बच्चे, ऊपर बंद था ताला

नवभारतटाइम्स.कॉम
children trapped on death floor lock closed above horrific revelation of aliganj fire incident
n NBT न्यूज, लखनऊ: अलीगंज अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 बच्चे दूसरी मंजिल पर एक खौफनाक 'डेथ ट्रैप' में फंस गए थे। नीचे से उठती आग की लपटों और तीसरी मंजिल के दरवाजे पर ताला बंद होने की वजह से मासूमों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला और उनकी मौत हो गई। जलती हुई बिल्डिंग में दाखिल होने वाली फायर ब्रिगेड की टीम ने इस बात का चौंकाने वाला खुलासा किया है। बच्चों के इस तरह फंसने के पीछे कंप्यूटर गेमिंग एनिमेशन सेंटर के ओनर (मालिक) की भारी लापरवाही उजागर हो रही है। हालांकि, मामले में एसआईटी (SIT) और एफएसएल (FSL) की जांच अभी जारी है।

सीढ़ियों वाले रास्ते पर लगे थे दो ताले
फायर टीम जब कटर और संसाधनों के साथ बिल्डिंग के भीतर पहुंची, तो अंदर का मंजर रूह कंपा देने वाला था। दूसरी मंजिल पर लगा बायोमीट्रिक लॉक पिघल चुका था। कटर से दरवाजा काटने पर अंदर बाथरूम, कंप्यूटर रूम और गैलरी में बच्चों के शव मिले।

बंद हुई लिफ्ट, ऊपर का रास्ता भी ब्लॉक

फायर टीम के मुताबिक, दूसरी मंजिल पर लिफ्ट की सुविधा थी, लेकिन बिजली कटने के कारण वह बीच में ही बंद हो गई। टीम जब तीसरी मंजिल की तरफ बढ़ी, तो वहां सीढ़ियों पर एक लोहे का चैनल गेट था, जिस पर ताला लटका था। सिर्फ यही नहीं, चैनल पार करने के बाद अंदर लगे मुख्य दरवाजे पर भी ताला जड़ा हुआ था।

न नीचे उतर सके, न छत पर जा पाए

जांच के अनुसार, पहली मंजिल की सीढ़ियों पर भीषण आग के कारण बच्चे नीचे नहीं उतर सके। जान बचाने के लिए वे ऊपर की तरफ भागे, लेकिन वहां दो-दो ताले बंद मिले। इस दौरान संभवतः बिजली आ रही होगी, जिससे वे वापस दूसरी मंजिल के कमरे में आ गए और वहां बायोमीट्रिक लॉक लग गया। इसके तुरंत बाद लाइट चली गई और वे कमरे में कैद हो गए। दमकल टीम जब ताले काटकर तीसरी मंजिल पर पहुंची, तो पता चला कि वहां से छत पर बाहर निकलने का कोई रास्ता ही नहीं था।