धार्मिक स्थल में घुसे बदमाशों ने दानपात्र तोड़ लाखों रुपये उड़ाए

नवभारतटाइम्स.कॉम
thieves broke into a religious place stole lakhs by breaking the donation box cctv footage being examined
n NBT रिपोर्ट, सेक्टर-46

जल विहार कॉलोनी में सोमवार देर रात ऑटो में आए तीन बदमाश प्राचीन हनुमान मंदिर का ताला काटकर अंदर घुस गए। बदमाश दानपात्र को तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपये समेटकर फरार हो गए। पड़ोसियों की सजगता से चोरी का पता चला, जिसके बाद सेक्टर-50 थाना पुलिस ने पुजारी की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन साल से नहीं खुला था दानपात्र: मंदिर के पुजारी हरिओम शास्त्री ने पुलिस को बताया कि मंदिर परिसर में रखा मुख्य दानपात्र पिछले तीन वर्षों से खोला नहीं गया था। उसमें श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए लाखों रुपये जमा थे। सोमवार रात को चोरों ने इसी दानपात्र को निशाना बनाया और कटर की मदद से उसका ताला काटकर लाखों रुपये निकाल ले गए। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज खंगालने पर सामने आया कि दो चोर मंदिर के भीतर दाखिल हुए थे, जिन्होंने कटर से ताला काटा और दानपात्र से पैसे निकालकर अपने बैग में भरे। तीसरा साथी मंदिर के बाहर सड़क पर ऑटो स्टार्ट कर खड़ा था। वारदात के बाद दोनों चोर बाहर आए और पहले से इंतजार कर रहे ऑटो में बैठकर रफूचक्कर हो गए। बताया गया कि देर रात जब चोर दानपात्र तोड़ रहे थे, तो उसकी आवाज सुनकर पास के कुछ पड़ोसी जाग गए। जब वे अपने घरों से बाहर निकले, तो उन्होंने एक ऑटो को तेजी से जाते हुए देखा। शक होने पर जब वे मंदिर के पास पहुंचे तो वहां का मुख्य गेट खुला हुआ था। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना मंदिर के पुजारी को दी। पुलिस का कहना है कि मंदिर और आसपास के रूट के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपी जल्द पकड़े जाएंगे।