बंद मकान का ताला तोड़ 2.5 लाख कैश व जूलरी ले उड़े चोर

नवभारतटाइम्स.कॉम
thieves broke the lock of a closed house in sohna and looted 25 lakh cash and lakhs of jewelry
n NBT रिपोर्ट, सोहना

थाना क्षेत्र के वॉर्ड नंबर-14 स्थित प्रेम भगत मोहल्ले में चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और लाखों रुपये की जूलरी पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अलमारी में रखे करीब ढाई लाख रुपये और सोने-चांदी की जूलरी चोरी कर ले गए। घटना के समय पीड़ित अपनी ससुराल गए हुए थे। पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्रेम भगत मोहल्ला निवासी विनोद उर्फ टोनी शनिवार सुबह करीब 11 बजे अपने घर में ताला लगाकर परिवार के साथ अपनी ससुराल गांव भंगूरी, पलवल गए हुए थे। उसी दिन शाम करीब 5 बजे जब वह वापस घर लौटे तो कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी लोहे की अलमारी के लॉक भी टूटे हुए थे और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जब उन्होंने अलमारी चेक की तो उसमें से करीब 2.50 लाख रुपये, एक मंगलसूत्र, 2 अंगूठियां, 2 'ओम' के लॉकेट और कानों के टॉप्स व चांदी की 2 जोड़ी पाजेब, तगड़ी, चुटकी, अंगूठी व चांदी के अन्य आभूषण गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सोमवार को केस दर्ज कर लिया।