Youth Brutally Attacked In Parking Dispute Beaten With Iron Pipe And Pistol Pointed Aerial Firing To Spread Terror
पार्किंग में आपसी विवाद को लेकर युवक पर हमला, FIR
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT रिपोर्ट, खेड़की दौला
सेक्टर-85 स्थित पिरामिड सोसायटी के पास एक प्राइवेट पार्किंग में आपसी विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने और दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने पीड़ित के सिर पर लोहे के पाइप और डंडों से वार किया और पिस्तौल तानकर जान से मारने की धमकी दी। खेड़की दौला थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मूलरूप से महेंद्रगढ़ के के रहने वाले रोहित कुमार ने पुलिस को बताया कि वह फिलहाल गुड़गांव के गांव बढ़ा सेक्टर-86 में रहते है और पिरामिड सोसायटी सेक्टर-85 के पास खाली जमीन में प्राइवेट पार्किंग चलाते हैं। रविवार रात करीब 9 बजे रोहित अपने दोस्त आकाश के साथ पार्किंग में मौजूद थे। इसी दौरान बढ़ा गांव में किराए पर रहने वाला अजय वहां आया और बताया कि गांव का हेमंत उर्फ हेमु उसे मारने की फिराक में है। रोहित ने अजय को आश्वासन दिया कि वह इस बारे में बात करेगा।
फोन पर बहस के बाद पहुंचे लाठी-डंडों से लैस बदमाश: आरोप है कि इसके बाद रात करीब 9:30 बजे रोहित ने हेमंत उर्फ हेमु को कॉल कर लड़ाई-झगड़ा न करने की सलाह दी। फोन पर मनीष बात कर रहा था, जिस पर रोहित ने कहा कि "जब बड़े बात करते हैं, तो छोटों को बीच में नहीं बोलना चाहिए" और फोन काट दिया। आराेप है कि इस बात से नाराज होकर करीब आधे घंटे बाद हेमंत उर्फ हेमु अपनी काले रंग की एसयूवी गाड़ी में मनोज, मनीष, भोलू निवासी खटौला और दो अन्य लड़कों के साथ पार्किंग में आ धमका।
लोहे के पाइप से हमला और हवाई फायरिंग : आरोपियों ने आते ही रोहित पर हमला कर दिया। आरोप है कि मनीष ने रोहित के सिर पर डंडा मारा, जबकि भोलू ने सिर के दाहिने हिस्से पर लोहे की नोजल वाली पाइप से जोरदार वार किया। सभी ने मिलकर रोहित को लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। जब वह नीचे गिर गया, तो उस पर पिस्तौल तान कर जान से मारने की धमकी दी। जाते-जाते आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर की और मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, शरीर पर आईं 9 चोटें: वारदात के बाद रोहित के दोस्त आकाश ने उसके परिजनों को जानकारी दी और उसे गंभीर हालत में सेक्टर-90 स्थित आरवी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, रोहित के शरीर पर 9 गंभीर चोटें आई हैं। शुरुआत में पीड़ित बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन अगले दिन स्वस्थ होने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाने के एएसआई प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचे। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।