पड़ोसी पर छोड़ा कुत्ता, शिकायत करने जा रहे परिवार को पीटा

नवभारत टाइम्स

सुत्याना गांव में मामूली विवाद के बाद पड़ोसी ने पालतू कुत्ता छोड़ा। शिकायत करने जा रहे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला हुआ। महिला से अभद्रता की गई और कपड़े फाड़ दिए गए। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

neighbors dog attack family beaten while going to complain molestation of woman
ग्रेटर नोएडा के सुत्याना गांव में मामूली कहासुनी खूनी जंग में बदल गई। एक पड़ोसी ने न सिर्फ अपना पालतू कुत्ता पीड़ित पर छोड़ दिया, बल्कि शिकायत करने जा रहे परिवार को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से पीटा और महिला से छेड़छाड़ भी की। पीड़ित पवन कश्यप ने ईकोटेक-3 कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।

पवन कश्यप ने बताया कि सोमवार को उनके पड़ोसी ने अपना पालतू कुत्ता उन पर छोड़ दिया। कुत्ते ने उन्हें बुरी तरह काट लिया और जख्मी कर दिया। इसके बाद, पवन अपनी पत्नी बबीता और बेटे अंशु के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। तभी रास्ते में छह आरोपियों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। इस दौरान, एक आरोपी ने पवन की पत्नी बबीता के साथ छेड़छाड़ की और उनके कपड़े फाड़ दिए। हमलावरों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस में शिकायत की तो उन्हें मारकर शव गायब कर दिया जाएगा।

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस तरह की बर्बरता की निंदा कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया है।