तेज रफ्तार कार ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत

नवभारत टाइम्स

फरीदाबाद के मुजेसर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ। सोहना रोड पर नंगला गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर बैठी महिला रुखसार की मौत हो गई। उनके पति मोहम्मद सनाउल्लाह और दो छोटी बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं।

faridabad speeding car hits bike woman dies husband daughters critically injured
फरीदाबाद के थाना मुजेसर क्षेत्र में सोहना रोड पर नंगला गांव के पास बुधवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में जहां एक महिला की मौत हो गई, वहीं उसके पति और दो मासूम बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तुरंत बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के साथ-साथ कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार के एयरबैग भी खुल गए। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार कार चालक की तलाश जारी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार के रिश्तेदार मोहम्मद मासूम अली ने बताया कि मोहम्मद सनाउल्लाह, जो एल्युमिनियम स्क्रैप का काम करते हैं, अपनी पत्नी रुखसार और छह महीने की बेटी सादिया व तीन साल की बेटी सानिया के साथ सेक्टर-23 स्थित अपनी सोसायटी में रहते थे। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे, वे अपनी बहन के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नंगला गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार ग्रैंड विटारा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही पूरा परिवार बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत चारों घायलों को बीके अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण रुखसार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मोहम्मद सनाउल्लाह की रीढ़ की हड्डी में चोट आई है और उन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया है। उनकी तीन साल की बेटी सानिया के सिर में गहरी चोट लगी है और वह कोमा में बताई जा रही है। छह महीने की बेटी सादिया को भी चोटें आई हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार कार चालक को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरनाक नतीजों को सामने ला दिया है। परिवार पर टूटा यह गम का पहाड़ सभी को झकझोर देने वाला है।