दोस्त का हत्यारा इनामी बदमाश अरेस्ट

नवभारत टाइम्स

लोनी में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। करीब दो महीने पहले ऑटो में मिले जले शव के मामले में पुलिस ने 15 हजार के इनामी बदमाश नसीम को गिरफ्तार किया है। नसीम मृतक नवीन का दोस्त था। पूछताछ में नसीम ने बताया कि तांत्रिक के कहने पर उन्होंने नवीन की हत्या की थी।

friends killer burnt after murder 15 thousand reward criminal arrested
लोनी में ऑटो में जलाए गए शव के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने हत्यारोपी 15 हजार के इनामी बदमाश नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। नसीम मृतक नवीन का ही दोस्त था। यह पूरा मामला एक तांत्रिक की सलाह और लालच से जुड़ा है, जिसमें दोस्तों ने मिलकर अपने ही दोस्त नवीन की हत्या कर दी और फिर उसके शव को ऑटो में जला दिया।

एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि नसीम पंचलोक गांव का रहने वाला है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे पंचलोक गेट के पास से गिरफ्तार किया और जेल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी नसीम ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि मृतक नवीन, पवन, सागर और वह सभी दोस्त थे। नवीन एक बार उन सबको दिल्ली में एक तांत्रिक के पास ले गया था। वहां नवीन और तांत्रिक आपस में बात कर रहे थे कि अगर किसी अपने करीबी की बलि दी जाए तो वह मालामाल हो सकते हैं। यह बात नसीम, पवन और सागर ने सुन ली थी। उन्हें लगा कि नवीन मालामाल होने के लिए उन तीनों में से किसी की भी बलि दे सकता है।
इसी डर और शक के चलते तीनों दोस्तों ने मिलकर नवीन को सागर के कमरे पर बुलाया। 13 जनवरी को सबने साथ में खाना-पीना किया। नशे की हालत में, कमरे में रखे गैस सिलेंडर से बारी-बारी से नवीन के सिर और कमर पर वार करके उसकी जान ले ली गई। हत्या के बाद, तीनों ने मिलकर नवीन के शव को एक कंबल में लपेटा। फिर उन्होंने शव को नवीन के ही ऑटो में रखा और घिटोरा मोड के पास जंगल में ले जाकर आग लगा दी, ताकि कोई सबूत न मिले। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पवन और सागर को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। एसीपी ने यह भी बताया कि नसीम के खिलाफ ट्रोनिका सिटी थाने में हत्या और लोनी थाने में अन्य मामले भी दर्ज हैं। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है और इस सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश हो गया है।