बंगाल फिर हासिल करेगा अपनी खोई औद्योगिक पहचान: इंडस्ट्री

Contributed bySudha.shrimali,मुंबई|नवभारतटाइम्स.कॉम

पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत से कारोबारी समुदाय में खुशी है। उन्हें उम्मीद है कि राज्य अपनी औद्योगिक पहचान वापस पाएगा और गुजरात व महाराष्ट्र से मुकाबला करेगा। विकास, रोजगार और निवेश के अवसर बढ़ेंगे। यह बंगाल की अर्थव्यवस्था के लिए एक नया दौर होगा। राज्य में नया निवेश आने से सभी क्षेत्र विकसित होंगे।

बंगाल फिर हासिल करेगा अपनी खोई औद्योगिक पहचान: इंडस्ट्री

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी द्वारा पश्चिम बंगाल चुनाव में बहुमत का आंकड़ा पार करने के साथ ही बंगाल के कारोबारी समुदाय में खुशी का का माहौल है। सालों पहले कोलकाता से आकर मुंबई बस गए कई कारोबारियों ने कहा कि बंगाल आखिरकार अपनी खोई हुई औद्योगिक ब्रैंड पहचान फिर से हासिल कर सकता है और गुजरात या महाराष्ट्र जैसे राज्यों के साथ फिर से मुकाबला कर सकता है।

RPG ग्रुप के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने अपनी X पोस्ट में लिखा कि बंगाल का कारोबारी समुदाय बंगाल चुनावों के नतीजों से बेहद खुश है। गोयनका ने कहा, ‘विकास फिर से मुख्य अजेंडा बन जाएगा और इसके बाद रोजगार और निवेश के अवसर भी बढ़ेंगे। एक मजबूत और ज्यादा एकजुट सामाजिक माहौल बनेगा। BJP को मिला निर्णायक जनादेश वह उत्प्रेरक है, जिसका बंगाल की अर्थव्यवस्था लंबे समय से इंतजार कर रही थी।’

कोलकाता स्थित द इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (ICC) के हेडक्वॉर्टर से टेक्सटाइल पर नैशनल एक्सपर्ट कमिटी के चेयरमैन और TT लिमिटेड के एमडी संजय के. जैन ने कहा कि असल में यह 50 सालों के बाद पिछड़ेपन से आजादी जैसा है। वे कहते हैं, ‘नतीजों के बाद, बंगाल के औद्योगिक हलकों में आशावाद साफ तौर पर लौट आया है। उद्योग का आत्मविश्वास और गवर्नेंस से बंगाल एक नए आर्थिक दौर में प्रवेश करेगा और अपनी इंडस्ट्रियल ‘ब्रैंड’ पहचान की खोई चमक फिर से हासिल करेगा। बंगाल के पास बहुत बड़ा पोटेंशियल है। इस विक्ट्री के बाद हम टेक्सटाइल के लिए स्टेट का नया रोडमैप बनाकर मिनिस्ट्री को प्रजेंट करेंगे।’

Lux Industries के एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर उदित तोदी का कहना है कि जब भी साफ बहुमत आती है, बिजनेस में ग्रोथ आती है। पहले भी सरकारों ने अच्छा काम किया है और अब चूंकि सेंटर व स्टेट अलाइन होकर बहुत सारे प्रॉजेक्ट पर काम करेंगे तो इसका असर मल्टिप्लायर होगा। बंगाल में ह्ययूमन रिसोर्स बहुत अच्छा है और यहां नया निवेश आने से सभी सेक्टर ग्रो होंगे।

कोलकाता में माहराजा अग्रसेन धाम के जनरल सेक्रेटरी निर्मल सराफ कहते हैं, ‘बंगाल पिछले 50 साल से डिवेलपमेंट और ग्रोथ से मामले में रुक सा गया था। अब इंडस्ट्री, निवेश और व्यापार में यह फिर से नंबर वन होगा। बंगाल की माटी में आपसी भाईचारा है और यही प्यार, व्यवहार और व्यापार तीनों बंगाल की चमक लौटाएंगे।’