n NBT न्यूज, होडल
क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों को चेक कर घटना के कारणों को तलाश रही है।
गांव बंचारी के पास हादसा
पहली घटना नेशनल हाईवे पर गांव बंचारी के पास हुई, जहां एक स्कॉर्पियो गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, रात के समय स्कॉर्पियो गांव बंचारी के पास पहुंची, जहां बिना इंडिकेटर के खड़ा ट्रक सामने आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में पलट गई। गांव मानपुर निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने मामा के बेटे विवेक के साथ अलग-अलग गाड़ियों में मथुरा के कोकिलावन धाम दर्शन के लिए गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हुआ। स्कॉर्पियो विवेक चला रहा था, जिसमें उसकी पत्नी चंचल, मां कुसुम और दादी सुमनजीत कौर सवार थीं। हादसे के बाद पीछे आ रहे राहुल और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सुमनजीत कौर को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
दूसरी घटना में मारे गए युवक की नहीं हुई पहचान
दूसरी घटना शहर के महाराजा अग्रसेन चौक के पास हुई, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। जांच अधिकारी सुभाष के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच है। शव को पहचान के लिए जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है।




